From Principal's Desk

प्राचार्य की कलम से...

प्रिय छात्र/छात्राओं,

परीक्षा में सफल होने पर आप सभी को मेरी शुभकामनाएँ और इस उपलब्धि के लिए बधाई।

"विद्या ददाति विनयं, विनयाद् याति पात्रताम्।
पात्रत्वात् धनमाप्नोति, धनात् धर्मं ततः सुखम्।

(अर्थात्: विद्या विनय देती है, विनय से पात्रता आती है, पात्रता से धन आता है, धन से धर्म और धर्म से सुख प्राप्त होता है।)

उपर्युक्त श्लोक यह सन्देश प्रतिपादित करता है कि शिक्षा मनुष्य में विभिन्न गुणों को विकसित करती है। जिससे व्यक्ति जीवन में यश, कीर्ति को प्राप्त करता है। शिक्षा के माध्यम से इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए गंगाशील महाविद्यालय की स्थापना की गई है।

महाविद्यालय का उद्देश्य ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को तैयार करना है जो अपने वातावरण के साथ मिलकर सामाजिक परिवेश के प्रति जागरूक, अनुशासित और भविष्य में परिवर्तित चुनौतियों का सामना करने के लिये तैयार हों। एक संस्था के रूप में हम ज्ञान के साथ-साथ मानवीय गुणों के विकास पर बल देते हैं।

वर्तमान परिस्थितियों में किस प्रकार की शिक्षा प्रदान की जाये, इस दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए महाविद्यालय नवीन शिक्षण तकनीक, पाठ्य सहगामी क्रियाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रशिक्षित कर रहा है। साथ ही विभिन्न विषयों में सेमिनार का आयोजन महाविद्यालय में होता है, जिसमें देश के प्रत्येक कोने से शिक्षाविद् प्रतिभाग करते हैं और शिक्षा में सम्भावित परिवर्तनों को रू-ब-रू कराते हुए विद्यार्थियों को समझ प्रदान करते हैं।

गंगाशील महाविद्यालय विद्यार्थियों का शारीरिक, मानसिक व नैतिक विकास करने के लिये संकल्पबद्ध है।

नवीन सत्र में उच्च शिक्षा के स्वर्णिम पथ पर अग्रसर महाविद्यालय परिवार का सदस्य बनने के इच्छुक सभी छात्र/छात्राओं का मैं सादर अभिनन्दन करती हूँ।

डॉ. सीमा चतुर्वेदी

प्राचार्या