मेरा सपना.............
शिक्षालय देवालय तुल्य होते हैं, जहाँ विद्यार्थी गुरुओं के सानिध्य में ज्ञान साधना करते हैं। ज्ञान साधना से साधारण जन भी असाधारण प्रतिभा सम्पन्न होकर अपने देश, क्षेत्र व समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बरेली जनपद में चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी सेवाएँ देते हुए क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान मुझे महसूस हुआ कि नवाबगंज क्षेत्र में उच्च गुणवत्तायुक्त एवं आधुनिक संस्थाओं से सम्पन्न एक शैक्षिक संस्थान की महती आवश्यकता है। इस आवश्यकता को पूरा करने के लिए ही मैंने अपनी जीवन संगिनी डॉ. शशिकला राठौर, जिनके पास उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अध्यापन और प्रशासन का दीर्घकालीन अनुभव है, के सहयोग से गंगाशील महाविद्यालय की स्थापना की। मुझे अत्यन्त प्रसन्नता हो रही है कि गंगाशील महाविद्यालय अपना नवाँ वर्ष पूर्ण कर 10वाँ शैक्षिक सत्र प्रारम्भ करने की तैयारी में उत्साहपूर्वक लगा हुआ है। 9 वर्षों में महाविद्यालय ने जो उपलब्धियाँ अर्जित की हैं, मुझे उन पर गर्व है। मैं आशा करता हूँ कि गंगाशील महाविद्यालय नवाबगंज क्षेत्र के अभावों से जूझते छात्र/छात्राओं को शिक्षा-दीक्षा में आने वाले अवरोधों को दूर करते हुए उन्हें उत्कृष्ट शिक्षा एवं संस्कार देने में समर्थ होगा और जीवन-संग्राम में उतरने के लिए संघर्षशील, संवेदनशील, विनयशील, धैर्यवान, मानवताप्रिय, देशभक्त एवं श्रेष्ठ नागरिक बनने को अभिप्रेरित करेगा। यह मेरा सपना है और इस सपने को साकार करने के लिए मुझे महाविद्यालय परिवार के प्रत्येक सदस्य से बड़ी उम्मीद है कि वे अपनी क्षमताओं का पूर्ण सदुपयोग करते हुए मेरे सपने को साकार करने में पूरा-पूरा सहयोग देंगे। ऐसा मेरा विश्वास है।
नवीन शैक्षिक सत्र में प्रवेश लेने वाले छात्र–छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मेरी अनन्त शुभकामनाएँ।
डॉ एन. के. गुप्ता
सचिव (प्रबन्ध समिति )